माउंट लिटरा ज़ी स्कूल में अनोखा जन्मदिन, पौधारोपण कर शिवांशी ने दिया हरियाली का संदेश
- Post By Admin on Sep 11 2026
लखीसराय : माउंट लिटरा ज़ी स्कूल, लखीसराय में एक छात्रा का चौथा जन्मदिन पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मनाया गया। ग्रेड नर्सरी की छात्रा शिवांशी कुमारी के माता-पिता आरती कुमारी श्रीवास्तव और कृष्ण रंजन कुमार ने बेटी के जन्मदिन पर स्कूल परिसर में पौधा लगाकर इसे यादगार बनाया।
बताया गया कि स्कूल के एक अभिभावक द्वारा अपने बच्चे के जन्मदिन पर पौधारोपण की पहल की गई थी। इससे प्रेरित होकर शिवांशी के माता-पिता ने भी जन्मदिन के अवसर पर पौधा लगाने का निर्णय लिया। इस दौरान स्कूल के बच्चों और शिक्षकों ने शिवांशी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। बच्चों ने तालियां बजाकर इस पहल का उत्साह बढ़ाया।
स्कूल प्रबंधन ने कहा कि जन्मदिन के अवसर पर पौधा लगाना पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली का संदेश देने वाली पहल है। इस तरह की गतिविधियों से बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम में स्कूल की सेक्रेटरी विजेता स्नेही, चेयरमैन संजीव कुमार स्नेही, शिक्षिकाएं दीपशिखा कुमारी और नेहा कुमारी सहित विद्यालय के अन्य सदस्य मौजूद रहे।