SC-ST मामलों में तेज होगी पैरवी, डीएम ने दोषसिद्धि और लंबित मामलों के निष्पादन के दिए निर्देश
- Post By Admin on Aug 20 2026
लखीसराय: जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के तहत तृतीय जिला स्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, पीड़ितों को मुआवजा भुगतान, लंबित मामलों के निष्पादन और न्यायालय में विचाराधीन मामलों की प्रगति की समीक्षा की गई। गत बैठक के अनुपालन की समीक्षा के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी अश्विनी कुमार चौबे ने बताया कि 73 थाना कांडों में पीड़ितों के बैंक खातों के माध्यम से कुल 77 लाख 65 हजार 751 रुपये की मुआवजा राशि का भुगतान किया जा चुका है। न्यायालय में गवाही के लिए उपस्थित होने वाले 14 साक्षियों को यात्रा भत्ता भी उपलब्ध कराया गया है। समीक्षा अवधि में कुल 32 आरोप-पत्र प्राप्त होने की जानकारी दी गई।
विशेष लोक अभियोजक के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने न्यायालय में सरकार का पक्ष प्रभावी और समुचित तरीके से रखने का निर्देश दिया। उन्होंने मामलों में दोषसिद्धि की गति बढ़ाने तथा लंबित आरोप-पत्रों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने विशेष लोक अभियोजक को ऐसे पांच मामलों का चयन करने का निर्देश दिया, जिनमें प्रभावी पैरवी के माध्यम से दोषसिद्धि सुनिश्चित कराने की दिशा में प्राथमिकता के साथ कार्य किया जा सके। जिला पदाधिकारी ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करने और आम लोगों में जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
इसके बाद मैनुअल स्कैवेंजर रोजगार निषेध एवं पुनर्वास अधिनियम, 2013 के तहत जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक हुई। इसमें सफाई कर्मियों की स्वास्थ्य जांच, नियमित फॉगिंग, सुरक्षा उपकरण और सफाई किट उपलब्ध कराने सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने नगर परिषद बड़हिया, सूर्यगढ़ा और लखीसराय के कार्यपालक पदाधिकारियों को प्रत्येक तीन माह में सभी सफाई कर्मियों की स्वास्थ्य जांच कराने का निर्देश दिया। साथ ही नगर परिषद क्षेत्र के सभी नालों की नियमित उड़ाही, निर्धारित शेड्यूल के अनुसार फॉगिंग और सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त संख्या में डस्टबिन उपलब्ध कराने को कहा।
बैठक में किऊल जंक्शन के स्टेशन प्रबंधक को सफाई कर्मियों के लिए उपलब्ध सफाई किट की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया गया, ताकि कर्मियों को कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपकरण और सुविधाएं मिल सकें। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक विश्वजीत कुमार, श्रम अधीक्षक संजय कुमार, तीनों नगर परिषदों के कार्यपालक पदाधिकारी, अग्रणी बैंक प्रबंधक, किऊल जंक्शन के स्टेशन प्रबंधक, विशेष लोक अभियोजक बच्चू प्रसाद, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति थाना के थानाध्यक्ष, समिति सदस्य शकुंतला देवी और हीरा रजक सहित रेड क्रॉस सोसाइटी एवं लायंस क्लब के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।