सखी वार्ता में गूंजा बाल विवाह मुक्त समाज का संदेश, महिलाओं ने ली सामूहिक शपथ
- Post By Admin on Sep 10 2026
लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान में महिला सशक्तिकरण केंद्र के सहयोग से सदर परियोजना अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 109 में सखी वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वंचित, पीड़ित एवं शोषित महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ घरेलू हिंसा और बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना था।
जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने महिलाओं को मिशन शक्ति के विभिन्न घटकों की जानकारी दी। उन्होंने वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और महिला सशक्तिकरण केंद्र के माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं और सहायता के बारे में बताया। उन्होंने बाल विवाह को सामाजिक कुरीति बताते हुए इसके दुष्परिणामों की भी विस्तार से जानकारी दी।
पोषण माह के संबंध में जानकारी देते हुए प्रशांत कुमार ने बताया कि 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक देशभर में पोषण माह मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य उचित पोषण, देखभाल और स्वस्थ मातृत्व के माध्यम से सुपोषित भारत की संकल्पना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि पोषण केवल भोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ जीवन की बुनियाद है। बच्चों के जीवन के शुरुआती एक हजार दिनों को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने इस अवधि में उचित पोषण और देखभाल पर विशेष ध्यान देने की अपील की। इस वर्ष के अभियान की थीम ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी ने उपस्थित महिलाओं एवं अन्य लोगों को बाल विवाह न करने और न होने देने की सामूहिक शपथ दिलाई। सभी ने अपने क्षेत्र को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
शक्ति सदन की आवासीय अधीक्षिका निभा कुमारी ने कहा कि सखी वार्ता के माध्यम से प्रयास है कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़ी महिलाओं तक सरकारी योजनाओं और उनके अधिकारों की जानकारी पहुंचे। उन्होंने कहा कि महिलाएं जब अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होंगी, तभी वास्तविक रूप से सशक्तिकरण संभव होगा। इस दौरान शक्ति सदन की सुविधाओं और कार्यप्रणाली के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार, आंगनबाड़ी सेविका रूबी रानी, सहायिका रेखा देवी सहित सरिता देवी, बिंदु देवी, कुमकुम देवी, रीता देवी समेत दर्जनों स्थानीय महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन आंगनबाड़ी सेविका रूबी रानी ने किया।