भूमिहार ब्राह्मण स्वर्ण समाज के संस्थापक के साथ डॉक्टर द्वारा कथित दुर्व्यवहार, सदर थाने में न्याय की गुहार

  • Post By Admin on Sep 08 2026
भूमिहार ब्राह्मण स्वर्ण समाज के संस्थापक के साथ डॉक्टर द्वारा कथित दुर्व्यवहार, सदर थाने में न्याय की गुहार

लखीसराय : सदर थाना क्षेत्र के सदर अस्पताल में मरीज से मिलने गए एक व्यक्ति के साथ डॉक्टर द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने और सार्वजनिक रूप से गंभीर आरोप लगाने का मामला सामने आया है। पुरानी बाजार थाना क्षेत्र के निवासी और भूमिहार ब्राह्मण स्वर्ण समाज के संस्थापक मनोज कुमार सिंह (पिता स्व. केदार प्रसाद सिंह) ने इस संबंध में सदर थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह आवेदन 6 सितंबर 2026 को दिया गया है।

दी गई शिकायत के अनुसार, मनोज कुमार सिंह को रेहुआ में घायल हुए धर्मेंद्र सिंह और सत्यम सिंह का फोन आया था, जिसके बाद वे उनका हाल जानने सदर अस्पताल पहुंचे थे। उनका आरोप है कि वहां तैनात डॉ. शहीद वसीम ने उनके साथ न केवल अभद्र व्यवहार किया, बल्कि करीब 50 लोगों की भीड़ के बीच उन पर शराब पीकर आने का सार्वजनिक रूप से झूठा आरोप भी लगाया। आवेदक ने इस आरोप का पुरजोर खंडन करते हुए स्पष्ट किया है कि वे कभी शराब का सेवन नहीं करते हैं और डॉक्टर की इस हरकत से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और मानहानि हुई है।

आवेदक ने सदर थानाध्यक्ष से आग्रह किया है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए इसकी निष्पक्ष जांच कराई जाए और साक्ष्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।