72वीं बीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा के लिए लखीसराय तैयार, 11 परीक्षा केंद्रों को मिली मंजूरी
- Post By Admin on Jul 10 2026
लखीसराय : बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा केंद्रों के विस्तार सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने बताया कि आयोग के निर्देश पर पहले 2,644 अभ्यर्थियों के लिए छह परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए थे। बाद में शेष अभ्यर्थियों के लिए भी परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराने के निर्देश मिलने के बाद पांच नए केंद्रों के चयन पर विचार किया गया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। अब जिले में कुल 4,854 अभ्यर्थियों के लिए 11 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। नए परीक्षा केंद्रों में डायट लखीसराय, बालिका विद्यापीठ, विद्या भवन, महिला विद्या मंदिर, हसनपुर उच्च विद्यालय तथा दुर्गा बालिका उच्च विद्यालय शामिल हैं। संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों ने अपने संस्थानों को परीक्षा केंद्र के रूप में उपलब्ध कराने पर सहमति दी।
जिला पदाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी नए चयनित परीक्षा केंद्रों की अनुशंसा प्राप्त कर शीघ्र विभाग को भेजी जाए। साथ ही सभी केंद्रों पर परीक्षा से संबंधित तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, शौचालय, बिजली तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, स्थापना उपसमाहर्ता शशि कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) अजीत प्रताप सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, सिविल सर्जन जयप्रकाश सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।