BEO पर लगा स्वतंत्रता दिवस पर झंडारोहण न करने का आरोप, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग

  • Post By Admin on Aug 20 2026
BEO पर लगा स्वतंत्रता दिवस पर झंडारोहण न करने का आरोप, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग

लखीसराय : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरकारी कार्यालय परिसर में राष्ट्रध्वज न फहराए जाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। कजरा प्रखंड के ग्रामीण एवं सामाजिक कार्यकर्ता जितेन्द्र कुमार, ग्राम-केशोपुर ने लखीसराय के जिलाधिकारी को आवेदन सौंपकर कजरा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मो० एजाज आलम के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत पत्र के अनुसार, गत 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर कजरा स्थित प्रखंड शिक्षा कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि राष्ट्रीय पर्व पर इस प्रकार की लापरवाही पूर्व निर्धारित परंपरा और राष्ट्रीय गरिमा के सर्वथा प्रतिकूल, अत्यंत खेदजनक तथा गंभीर मामला है।आवेदन में उल्लेख किया गया है कि इससे पूर्व पदस्थापित रहे सभी प्रखंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर कार्यालय परिसर में विधिवत ध्वजारोहण किया जाता रहा है। ऐसे में इस बार राष्ट्रध्वज न फहराया जाना प्रशासनिक लापरवाही की ओर इशारा करता है।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। इस आवेदन की प्रतिलिपि अनुमंडल पदाधिकारी, लखीसराय, जिला शिक्षा पदाधिकारी,ब लखीसराय, प्रखंड विकास पदाधिकारी, सूर्यगढ़ा तथा क्षेत्रीय उप शिक्षा निदेशक, मुंगेर को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है।