चालान मामलों के निस्तारण को लेकर बैठक, लोक अदालत में QR कोड और हेल्प डेस्क की होगी व्यवस्था
- Post By Admin on Sep 02 2026
लखीसराय : 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर लखीसराय में तैयारियों की समीक्षा शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विधानंद सागर की अध्यक्षता में उनके प्रकोष्ठ में ई-चालान, ट्रैफिक और परिवहन चालान से जुड़े मामलों के निस्तारण को लेकर संबंधित अधिकारियों की बैठक हुई।
बैठक में न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सुमन चंद्रा, जिला परिवहन पदाधिकारी, यातायात पुलिस उपाधीक्षक तथा मोटर वाहन निरीक्षक (MVI) लखीसराय मौजूद रहे। इस दौरान लोक अदालत के लिए अब तक की गई तैयारियों की जानकारी ली गई और मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देशों पर चर्चा की गई।अधिकारियों ने बताया कि परिवहन और ट्रैफिक चालान से संबंधित लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अपने मामलों का निपटारा कराने की जानकारी दी जा रही है। इसके लिए संबंधित लोगों से संपर्क करने के साथ सोशल मीडिया के जरिए भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग लोक अदालत का लाभ उठा सकें।
बैठक में लोक अदालत के दिन आने वाले लोगों की सुविधा को लेकर पर्याप्त संख्या में QR कोड और हेल्प डेस्क उपलब्ध कराने पर सहमति बनी। इसके अलावा मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए पर्याप्त संख्या में अधिकारियों और कर्मियों की तैनाती करने का निर्णय लिया गया। समीक्षा के दौरान सामने आया कि ई-चालान, परिवहन और ट्रैफिक चालान से जुड़े करीब 22 हजार मामले चिन्हित किए गए हैं। इन मामलों को 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में सुनवाई और निस्तारण के लिए लिया जाएगा।
राष्ट्रीय लोक अदालत में बड़ी संख्या में चालान से जुड़े मामलों के शामिल होने को देखते हुए संबंधित विभागों की ओर से आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अधिकारियों का प्रयास है कि लोगों को प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और अधिक से अधिक मामलों का त्वरित निस्तारण किया जा सके।