राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर लखीसराय व्यवहार न्यायालय में तैयारी पूरी, 11 बेंचों पर होगी सुनवाई

  • Post By Admin on Sep 11 2026
राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर लखीसराय व्यवहार न्यायालय में तैयारी पूरी, 11 बेंचों पर होगी सुनवाई

लखीसराय : 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर व्यवहार न्यायालय, लखीसराय परिसर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नालसा और बालसा के निर्देश तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार लखीसराय के मार्गदर्शन में लोक अदालत के लिए कुल 11 बेंचों का गठन किया गया है।

इन बेंचों में न्यायिक सदस्यों के रूप में पवन कुमार झा, सीमा भारतीय, शुभनंदन झा, सिद्धार्थ पांडे, राजन कुमार, आशीष कुमार अग्निहोत्री, रंजीत कुमार सोनू, कुंदन कुमार गुप्ता, शिप्रा कुमारी, हिमांशु भार्गव, श्रीनिवास शर्मा और प्रशांत कुमार को शामिल किया गया है। राष्ट्रीय लोक अदालत में सुनवाई के लिए करीब 3,700 वाद अभिलेख चिन्हित किए गए हैं। इसके अलावा लगभग 10 हजार प्री-लिटिगेशन मामलों को भी निस्तारण के लिए चिन्हित किया गया है। ट्रैफिक चालान और ई-चालान से जुड़े मामलों के लिए तीन अलग विशेष बेंच बनाए गए हैं। इन बेंचों पर केवल ट्रैफिक चालान और ई-चालान से संबंधित मामलों की सुनवाई होगी।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विधानंद सागर ने बताया कि लोक अदालत में आने वाले पक्षकारों की सुविधा के लिए पांच हेल्प डेस्क बनाए गए हैं। परिसर में पेयजल और चिकित्सीय सुविधा की भी व्यवस्था की गई है। सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन को पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अधिवक्ताओं से भी आयोजन में सहयोग की अपेक्षा की गई है। सचिव ने उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण किया जाएगा और पक्षकारों को त्वरित एवं सुलभ न्याय का लाभ मिलेगा।