लखीसराय में मुखिया समन्वय सम्मेलन, बैंकिंग सेवाओं के विस्तार और ऋण वसूली पर जोर

  • Post By Admin on Aug 25 2026
लखीसराय में मुखिया समन्वय सम्मेलन, बैंकिंग सेवाओं के विस्तार और ऋण वसूली पर जोर

लखीसराय : बिहार ग्रामीण बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय जमुई की ओर से लखीसराय संग्रहालय, बालगुदर में मुखिया समन्वय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार, पात्र लोगों को ऋण उपलब्ध कराने, बैंक ऋण की समय पर वसूली और पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना को पंचायत स्तर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी लखीसराय शैलेन्द्र कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पम्मी रानी, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक विभोर कुमार, जीविका डीपीएम अनीता कुमारी, बिहार ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक अमरदीप, मुख्य प्रबंधक अभिषेक कुमार, मुख्य प्रबंधक लखीसराय रोमिल रोहित समेत बैंक के वरीय प्रबंधक, प्रबंधक, सहायक प्रबंधक और जिले की विभिन्न शाखाओं के शाखा प्रबंधक मौजूद रहे।

जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि ग्रामीण विकास में पंचायत और बैंक की भूमिका एक-दूसरे की पूरक है। मुखिया एवं अन्य जनप्रतिनिधि अपने पंचायत के लोगों को बैंक की ऋण योजनाओं और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ सकते हैं। उन्होंने जरूरतमंद लोगों को नए ऋण उपलब्ध कराने के साथ पुराने ऋण की समय पर अदायगी के लिए भी जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बैंक से लिया गया ऋण आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाने का माध्यम है। समय पर ऋण की अदायगी होने से बैंक की राशि दोबारा जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध कराई जा सकती है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार, कृषि, व्यवसाय और अन्य आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। जिलाधिकारी ने मुखियाओं से अपने-अपने पंचायत में ऋण लेने वाले लोगों को समय पर किस्त और बकाया राशि जमा करने के लिए प्रेरित करने तथा ऋण वसूली में बैंक एवं प्रशासन को सहयोग देने का आह्वान किया।

सम्मेलन में पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना पर भी विशेष चर्चा हुई। बिहार ग्रामीण बैंक की ओर से योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं को सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाने के लिए सरल और सुगम ऋण सुविधा उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। बैंक अधिकारियों ने बताया कि इसका उद्देश्य अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़कर योजना का लाभ पहुंचाना है। क्षेत्रीय प्रबंधक अमरदीप ने कहा कि बिहार ग्रामीण बैंक ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने और पात्र लाभुकों को विभिन्न ऋण योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से पात्र लोगों को बैंक से जोड़ने के साथ ऋण की समयबद्ध अदायगी के लिए भी जागरूक करने की अपील की।

सम्मेलन में बैंक अधिकारियों ने विभिन्न ऋण योजनाओं, वित्तीय समावेशन, डिजिटल बैंकिंग, सरकारी प्रायोजित योजनाओं, पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर ऋण सुविधा और ऋण वसूली के महत्व की जानकारी जनप्रतिनिधियों को दी। सम्मेलन में पंचायत प्रतिनिधियों, प्रशासन और बैंक के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया।