अल्पसंख्यक ऋण की वसूली के लिए 14 से 19 सितंबर तक लगेगा कैंप
- Post By Admin on Sep 11 2026
लखीसराय : मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक रोजगार ऋण योजना, एनएमडीएफसी टर्म लोन योजना और मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक शिक्षा ऋण योजना के तहत वितरित ऋण राशि की वसूली में तेजी लाने के लिए जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय में विशेष ऋण वसूली कैंप आयोजित किया जाएगा। कैंप 14 सितंबर से 19 सितंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान संबंधित ऋणियों से बकाया राशि जमा करने और समय पर ऋण चुकाने की अपील की गई है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, ऋण की राशि निर्धारित समय पर जमा नहीं करने पर बकाया रकम पर ब्याज के साथ दंड-ब्याज भी देय होगा। इसके अलावा संबंधित बकायेदारों के खिलाफ दीवानी और फौजदारी मुकदमा भी दायर किया जा सकता है।
कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि वसूली कैंप के दौरान बकाया ऋण का भुगतान नहीं करने पर ऋणी की ओर से दिया गया कोई भी स्पष्टीकरण स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित बकायेदार के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऋणियों से निर्धारित अवधि में कैंप में पहुंचकर बकाया ऋण का भुगतान करने की अपील की गई है।