लखीसराय में मेडिएशन फॉर नेशन 3.0 की तैयारी तेज, समझौते योग्य मामलों की होगी पहचान
- Post By Admin on Aug 22 2026
लखीसराय : नालसा एवं बालसा के निर्देशानुसार ‘मेडिएशन फॉर नेशन 3.0’ ड्राइव को सफल बनाने को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय की ओर से बैठक आयोजित की गई। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी लखीसराय के प्रकोष्ठ में हुई बैठक की अध्यक्षता मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी आशीष कुमार अग्निहोत्री ने की।
बैठक में अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम, लखीसराय, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सुमन चंद्र, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी श्रीनिवास शर्मा तथा न्यायिक दंडाधिकारी द्वितीय श्रेणी प्रशांत कुमार मौजूद रहे।
बैठक में ‘मेडिएशन फॉर नेशन 3.0’ ड्राइव को प्रभावी बनाने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। ऐसे वादों को चिन्हित करने पर जोर दिया गया, जिनमें आपसी समझौते की संभावना हो। संबंधित पक्षों को नोटिस जारी करने और अधिक से अधिक लोगों को मध्यस्थता प्रक्रिया में शामिल कराने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर भी चर्चा हुई। बैठक में सहमति बनी कि अधिक से अधिक ऐसे वादों को चिन्हित कर मध्यस्थता केंद्र भेजा जाएगा, जिनमें समझौते के तत्व मौजूद हैं।
12 सितंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों और अब तक हुई प्रगति की भी समीक्षा की गई। लंबित वादों के निस्तारण में तेजी लाने पर जोर दिया गया। इसके बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव के प्रकोष्ठ में रेलवे अधिकारियों के साथ अलग बैठक आयोजित की गई। इसमें अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी रेलवे, लखीसराय कुंदन कुमार गुप्ता समेत रेलवे के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रेलवे अधिकारियों के साथ हुई बैठक में भी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों और अब तक की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिक से अधिक लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत में शामिल कराने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया।