लखीसराय में ‘मिडिएशन फॉर नेशन 3.0’ अभियान की तैयारी तेज, न्यायिक पदाधिकारियों ने की समीक्षा

  • Post By Admin on Aug 25 2026
लखीसराय में ‘मिडिएशन फॉर नेशन 3.0’ अभियान की तैयारी तेज, न्यायिक पदाधिकारियों ने की समीक्षा

लखीसराय :नालसा एवं बालसा के निर्देशानुसार ‘मिडिएशन फॉर नेशन 3.0’ ड्राइव को सफल बनाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय की ओर से मंगलवार को न्यायिक पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय, लखीसराय के प्रकोष्ठ में हुई, जिसकी अध्यक्षता श्री पवन कुमार झा ने की।

बैठक में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय श्रीमती सीमा भारतीय, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय श्री शुभ नंदन झा, न्यायिक पदाधिकारी श्री मुकेश मिश्रा, श्री राजन कुमार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय के सचिव श्री विधानंद सागर उपस्थित रहे। बैठक के दौरान ‘मिडिएशन फॉर नेशन 3.0’ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। ऐसे वादों को चिन्हित करने पर जोर दिया गया, जिनमें आपसी सहमति से विवाद का समाधान संभव हो। चिन्हित मामलों में संबंधित पक्षों को नोटिस भेजने तथा उन्हें मध्यस्थता प्रक्रिया में शामिल होने के लिए प्रेरित करने की रणनीति पर भी विचार किया गया।

न्यायिक पदाधिकारियों ने कहा कि मध्यस्थता के माध्यम से विवादों का आपसी सहमति से शीघ्र और प्रभावी समाधान कराया जा सकता है। इसके लिए आम लोगों के बीच मध्यस्थता के लाभों को लेकर जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।बैठक में यह सहमति बनी कि अधिक से अधिक ऐसे वादों की पहचान की जाएगी, जिनमें समझौते की संभावना है और उन्हें मध्यस्थता केंद्र भेजा जाएगा। अभियान के माध्यम से पक्षकारों को मध्यस्थता के प्रति जागरूक कर अधिक से अधिक मामलों के सौहार्दपूर्ण समाधान का प्रयास किया जाएगा।