लखीसराय में कानून-व्यवस्था पर डीएम की बैठक, गंभीर मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर
- Post By Admin on Oct 14 2026
लखीसराय : जिले में विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और लंबित आपराधिक मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बुधवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में उनकी अध्यक्षता में विधि-व्यवस्था की समीक्षा बैठक और जिला स्तरीय निगरानी समिति (डीएलओसी) की बैठक आयोजित की गई। इसमें गंभीर आपराधिक मामलों की प्रगति, गिरफ्तारी वारंट, कुर्की-जप्ती और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने गंभीर आपराधिक कांडों में दर्ज मामलों और उनके निष्पादन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित गिरफ्तारी वारंटों का जल्द निष्पादन करने, फरार अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने और आवश्यक मामलों में कुर्की-जप्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि उनके निष्पादन में अनावश्यक देरी न हो।
समीक्षा के दौरान रद्द किए गए शस्त्र लाइसेंस, अवैध हथियारों और विस्फोटकों की बरामदगी से जुड़े मामलों की भी जानकारी ली गई। इसके साथ ही निर्वाचन संबंधी अपराधों के तहत दर्ज कांडों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी मामलों में नियमानुसार और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में जिले के विभिन्न थानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का मुद्दा भी उठाया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन थानों में कैमरे स्थापित हैं, वहां उनके संचालन की स्थिति की जांच कर उन्हें अविलंब चालू कराया जाए। उन्होंने कैमरों के नियमित रखरखाव और निगरानी पर भी जोर दिया, ताकि थानों में निगरानी व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस और प्रशासन के सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय से काम करें। उन्होंने लंबित मामलों में तेजी लाने और कानून-व्यवस्था से जुड़े निर्देशों का गंभीरता से पालन करने पर बल दिया। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता राहुल कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मनी, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।