जल-जीवन-हरियाली अभियान की समीक्षा, जल निकायों को अतिक्रमणमुक्त कराने का निर्देश

  • Post By Admin on Sep 01 2026
जल-जीवन-हरियाली अभियान की समीक्षा, जल निकायों को अतिक्रमणमुक्त कराने का निर्देश

लखीसराय : समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में मंगलवार को अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार की अध्यक्षता में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अंतर्गत संचालित जल-जीवन-हरियाली अभियान की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में अभियान के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान अपर समाहर्ता ने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि अंचल क्षेत्र में कागजात पर दर्ज सभी जल निकायों को चिन्हित कर उन्हें अतिक्रमणमुक्त कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी जल निकाय पर स्थायी अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे हटाया जाए। सभी अंचलाधिकारियों को एक माह के भीतर अपने-अपने क्षेत्र के चिन्हित सभी जल निकायों को अतिक्रमणमुक्त कराने का निर्देश दिया गया।

प्रभारी पदाधिकारी, राजस्व शाखा श्री शशि कुमार ने बताया कि सभी अंचलाधिकारी संबंधित राजस्व कर्मचारियों के माध्यम से स्थल जांच कराकर जल स्रोतों एवं जल निकायों का चिन्हांकन सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही सार्वजनिक कुओं को भी चिन्हित कर उनका विवरण तैयार करने का निर्देश दिया गया। बैठक में सार्वजनिक जल संरचनाओं के रखरखाव, संरक्षण और उनके समुचित उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया।

समीक्षा बैठक में जल-जीवन-हरियाली अभियान से जुड़े ग्रामीण कार्य विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग तथा पंचायती राज विभाग के नोडल पदाधिकारियों से क्रमवार कार्यों की जानकारी ली गई। संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से जुड़े कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया।

पंचायती राज विभाग की ओर से बताया गया कि अब तक 395 कुओं के जीर्णोद्धार का कार्य कराया जा चुका है। वर्तमान में विभाग की ओर से वर्षा जल संचयन से संबंधित कार्य भी किए जा रहे हैं। बैठक में वर्षा जल संरक्षण और भू-जल स्तर को बनाए रखने के लिए जल संचयन संरचनाओं के निर्माण एवं संरक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया।

अपर समाहर्ता ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जल-जीवन-हरियाली अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा प्रगति प्रतिवेदन नियमित रूप से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। बैठक में प्रभारी पदाधिकारी राजस्व शाखा श्री शशि कुमार, जिला योजना पदाधिकारी श्री आशुतोष कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री यदुवंश राम, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, सिविल सर्जन श्री जयप्रकाश सिंह सहित अन्य जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।