गंगा-किऊल-हरोहर का बढ़ा दबाव, लखीसराय के कई गांवों का सड़क संपर्क टूटा

  • Post By Admin on Aug 27 2026
गंगा-किऊल-हरोहर का बढ़ा दबाव, लखीसराय के कई गांवों का सड़क संपर्क टूटा

लखीसराय : जिले में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। पिपरिया प्रखंड का पूरा क्षेत्र, बड़हिया प्रखंड तथा सूर्यगढ़ा प्रखंड के कुछ इलाके जलभराव की चपेट में आ गए हैं। कई गांवों का सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है और कुछ स्थानों पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।

जिले की प्रमुख नदियां गंगा, किऊल और हरोहर लगातार उफान पर हैं। हालांकि फिलहाल नदियों का जलस्तर स्थिर बताया जा रहा है, लेकिन बड़ी मात्रा में पानी फैले रहने से ग्रामीण इलाकों में परेशानी बनी हुई है। बाढ़ के पानी के कारण कई गांव मुख्य मार्गों से कट गए हैं, जबकि कई अन्य इलाकों में आवागमन मुश्किल हो गया है। लगातार जलजमाव के कारण अब स्वास्थ्य संबंधी खतरा भी बढ़ने लगा है। बरसात और दूषित पानी से होने वाली बीमारियों की आशंका को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में खाने-पीने की सामग्री दूषित होने की संभावना को देखते हुए स्वच्छ पानी और सुरक्षित भोजन के इस्तेमाल पर जोर दिया गया है।

लखीसराय के सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग बाढ़ की स्थिति को लेकर पूरी तरह अलर्ट है। प्रभावित क्षेत्रों के स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। सभी चिकित्सा संस्थानों और स्वास्थ्यकर्मियों को सतर्क रहने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। सिविल सर्जन ने लोगों से अपील की है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अनावश्यक जोखिम न लें और संभव हो तो सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर रहें। उन्होंने खान-पान में सावधानी बरतने और दूषित पानी व भोजन से बचने की सलाह दी है। साथ ही लोगों से घबराने के बजाय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।