लखीसराय में बाढ़ से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद, राहत और बचाव कार्यों में तेजी
- Post By Admin on Sep 08 2026
लखीसराय : जिले में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यापक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। माननीय प्रभारी मंत्री, लखीसराय जिला-सह-मंत्री, ग्रामीण कार्य विभाग, बिहार सरकार, श्री सुनील कुमार, माननीय विधायक, सूर्यगढ़ा श्री रामानंद मंडल, आदरणीय प्रभारी सचिव श्री कैँवल तनुज (IAS) सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जिले के वरीय पदाधिकारियों द्वारा लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कैंप कर स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। प्रशासन द्वारा राहत कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है और संबंधित अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक त्वरित सहायता पहुँचाने के निर्देश दिए गए हैं।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं। सम्राट अशोक भवन में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए राहत सामग्री के वितरण हेतु फूड पैकेजिग का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही, बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए विभिन्न स्थानों पर सामुदायिक रसोई (Community Kitchen) की व्यवस्था की गई है, ताकि प्रभावित परिवारों को नियमित रूप से भोजन मिल सके। प्रभावित क्षेत्रों में शौचालय, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा आवागमन और राहत-बचाव कार्य के लिए नावों की व्यवस्था की गई है। बाढ़ प्रभावित पशुओं के लिए पशु चारा उपलब्ध कराया जा रहा है तथा पशु चिकित्सा एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। आवश्यकतानुसार अन्य राहत सामग्री एवं मूलभूत सुविधाएँ भी लगातार उपलब्ध कराई जा रही हैं। ये सभी राहत एवं बचाव कार्य बड़हिया, पिपरिया, लखीसराय एवं सूर्यगढ़ा प्रखंडों के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर संचालित किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।