प्रभारी मंत्री ने बड़हिया घाट से PHC तक परखीं व्यवस्थाएं, मृतक के परिजन को दिया 4 लाख का चेक

  • Post By Admin on Sep 06 2026
प्रभारी मंत्री ने बड़हिया घाट से PHC तक परखीं व्यवस्थाएं, मृतक के परिजन को दिया 4 लाख का चेक

लखीसराय : बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग मंत्री सह लखीसराय जिले के प्रभारी मंत्री सुनील कुमार ने 06 सितंबर 2026 को जिले के विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों का सघन दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अमले के साथ पिपरिया प्रखंड, मोहनपुर, वलीपुर और बड़हिया स्थित बीएनएम कॉलेज घाट पहुंचकर राहत, बचाव और स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखी।

दौरे के क्रम में प्रभारी मंत्री ने पिपरिया प्रखंड अंतर्गत मोहनपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में बाढ़ जनित बीमारियों से निपटने के लिए सभी आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता 24 घंटे सुनिश्चित रखने के कड़े निर्देश दिए। इसके अलावा, बाढ़ प्रभावित दियारा और ग्रामीण इलाकों में मवेशियों की सुरक्षा व देखभाल के लिए सचल पशु चिकित्सालय (Mobile Veterinary Clinic) का सुचारू एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने का आदेश पशुपालन विभाग को दिया।

पिपरिया के वलीपुर क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान मंत्री सुनील कुमार ने बाढ़ के कारण जान गंवाने वाले मृतक के आश्रित परिजन को सरकारी सहायता के तहत चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि का चेक सौंपा। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया।

इसके पश्चात प्रभारी मंत्री ने बड़हिया स्थित बीएनएम (BNM) कॉलेज घाट का मुआयना किया। वहां जलस्तर की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तटवर्ती इलाकों में निरंतर निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया।