​लखीसराय में बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे प्रभारी मंत्री सुनील कुमार, राहत व्यवस्थाओं का लिया जायजा

  • Post By Admin on Sep 06 2026
​लखीसराय में बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे प्रभारी मंत्री सुनील कुमार, राहत व्यवस्थाओं का लिया जायजा

लखीसराय : बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग मंत्री सह लखीसराय जिले के प्रभारी मंत्री सुनील कुमार ने रविवार, 6 सितंबर 2026 को लखीसराय जिले के पिपरिया प्रखंड अंतर्गत वलीपुर सहित विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सघन दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर चल रहे राहत और बचाव कार्यों की प्रगति का बारीकी से मुआयना किया और बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं की जानकारी ली।

दौरे के क्रम में प्रभारी मंत्री ने प्रशासन द्वारा प्रभावित लोगों तक पहुंचाई जा रही राहत सामग्रियों और बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पूरा प्रशासनिक अमला पूरी तत्परता, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ मैदान में डटकर कार्य करे।

मंत्री सुनील कुमार ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में सामुदायिक रसोई (कम्युनिटी किचन) का नियमित और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने का आदेश दिया, ताकि सभी पीड़ितों को समय पर गुणवत्तापूर्ण और पर्याप्त भोजन मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने राहत शिविरों और प्रभावित गांवों में स्वच्छता बनाए रखने, पर्याप्त संख्या में अस्थायी शौचालयों का निर्माण करने, शुद्ध पेयजल की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने आवागमन के साधनों और जरूरी जीवनोपयोगी सेवाओं पर भी निरंतर नजर रखने को कहा।

इस निरीक्षण के दौरान सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल, जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, आपदा प्रबंधन के प्रभारी पदाधिकारी शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुश्री प्राची कुमारी, संबंधित अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी तथा स्थानीय मुखिया सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।