लखीसराय में विभागीय कार्यों की प्रगति परखने के लिए बैठक, समयबद्ध निष्पादन पर डीएम का जोर
- Post By Admin on Oct 14 2026
लखीसराय : जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में बुधवार, 14 अक्टूबर को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला स्तरीय विभिन्न समितियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मद्य निषेध एवं अभियोजन, जिला सड़क सुरक्षा समिति, खनन टास्क फोर्स, जेपी सेनानी सम्मान पेंशन योजना और सैनिक कल्याण से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों का समय पर निष्पादन करने और विभागीय जिम्मेदारियों का गंभीरता से पालन करने का निर्देश दिया। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों की कार्यप्रगति की जानकारी लेते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रशासनिक कार्यों में जवाबदेही और पारदर्शिता बनाए रखते हुए सभी दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करें।
मद्य निषेध एवं अभियोजन से संबंधित मामलों की समीक्षा के दौरान लंबित प्रकरणों के निष्पादन में तेजी लाने तथा प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं, जिला सड़क सुरक्षा समिति के कार्यों की समीक्षा करते हुए सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात नियमों का पालन कराने और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर बल दिया गया। खनन टास्क फोर्स की समीक्षा के क्रम में खनन गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखने और अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया गया। संबंधित अधिकारियों को नियमों के अनुपालन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। जेपी सेनानी सम्मान पेंशन योजना और सैनिक कल्याण से जुड़े मामलों पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने पात्र लाभार्थियों से संबंधित कार्यों को नियमानुसार पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का अनावश्यक रूप से विलंब किए बिना निर्धारित प्रक्रिया के तहत निष्पादन किया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को बैठक में दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने और कार्यों की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने समयबद्ध निष्पादन के साथ प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मनी, सिविल सर्जन जयप्रकाश सिंह, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नजारत उप समाहर्ता प्राची कुमारी, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय विश्वजीत कुमार सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।