लखीसराय में विकास योजनाओं की समीक्षा, डीएम ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
- Post By Admin on Aug 31 2026
लखीसराय : जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए आपसी समन्वय मजबूत करने, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक प्रत्येक सप्ताह आयोजित की जाती है। उन्होंने कहा कि किसी विभाग या कार्यालय को दूसरे विभाग से समन्वय स्थापित करने में कठिनाई हो रही हो अथवा किसी कार्य के निष्पादन में समस्या आ रही हो तो संबंधित पदाधिकारी बैठक में अपनी समस्या रख सकते हैं। समिति के माध्यम से आवश्यक समन्वय स्थापित कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार ने समन्वय से संबंधित प्रतिवेदन जिला विकास शाखा, लखीसराय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्राप्त प्रतिवेदनों का अगली बैठक में समुचित संधारण और समीक्षा की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया।
बैठक में जिला पदाधिकारी के आगामी भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि भ्रमण से संबंधित एजेंडा कम-से-कम दो दिन पहले जिला पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करें। इसके अलावा विभागीय कार्य से पटना स्थित मुख्यालय जाने वाले पदाधिकारियों को वापस लौटने के बाद मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों और की गई कार्रवाई की जानकारी जिला स्तरीय बैठक में साझा करने को कहा गया।
अधिकारियों ने लंबित एसी/डीसी विपत्रों की भी समीक्षा की। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए लंबित विपत्रों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना और अपशिष्ट प्रसंस्करण से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और योजनाओं में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन करने को कहा। उन्होंने पात्र लाभुकों को संबंधित सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। नीलाम पत्र वादों की समीक्षा के दौरान अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार ने सभी नीलाम पत्र पदाधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह कम-से-कम दो बार मामलों की सुनवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के साथ राजस्व वसूली में भी तेजी लाई जा सकेगी।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री मुकुल पंकज मणि, सिविल सर्जन श्री जय प्रकाश सिंह, वरीय उप समाहर्ता श्री शशि कुमार, नजारत उप समाहर्ता सुश्री प्राची कुमारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।