फीस लेकर छात्रों को रसीद न देना पड़ा भारी, जैतपुर हाई स्कूल के HM पर विभागीय कार्रवाई की तलवार
- Post By Admin on Sep 09 2026
लखीसराय : आगामी वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट वार्षिक सैद्धांतिक परीक्षा-2027 के तहत छात्र-छात्राओं से लिए जा रहे आवेदन और पंजीयन शुल्क की पावती रसीद न दिए जाने के मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) लखीसराय ने कड़ा रुख अपनाया है। बड़हिया प्रखंड अंतर्गत उच्च विद्यालय जैतपुर के प्रधानाध्यापक को पत्र जारी कर 24 घंटे के भीतर वस्तुस्थिति स्पष्ट करने का निर्देश दिया गया है।
कार्यालय द्वारा जारी पत्रांक संख्या 2036 के अनुसार, दूरभाष के माध्यम से जिला शिक्षा पदाधिकारी को यह शिकायत मिली थी कि विद्यालय में वार्षिक माध्यमिक और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए आवेदन व पंजीयन शुल्क जमा करने वाले विद्यार्थियों को रसीद नहीं दी जा रही है। मामले में जब विद्यालय प्रबंधन से पूछताछ की गई, तो उनकी ओर से यह बताया गया कि विद्यालय में रसीद उपलब्ध ही नहीं है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने इस पर कड़ा ऐतराज जताते हुए स्पष्ट किया कि विभागीय दिशा-निर्देशों के तहत शुल्क जमा करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को तत्काल प्राप्ति रसीद उपलब्ध कराया जाना अनिवार्य है। उन्होंने प्रधानाध्यापक को 24 घंटे के अंदर इस पूरे मामले में स्पष्टीकरण देने तथा संबंधित विद्यार्थियों को शुल्क की रसीद अचूक रूप से ससमय मुहैया कराने का सख्त निर्देश दिया है।
अधिकारियों ने चेताया है कि भविष्य में यदि पुनः इस संबंध में रसीद न मिलने की कोई शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित प्रधानाध्यापक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी, जिसकी पूरी जवाबदेही स्वयं उनकी होगी। इस आदेश की प्रतिलिपि जिले के सभी कोटि के माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालयों, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा), सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों तथा जिलाधिकारी को भी सूचनार्थ एवं अनुपालन हेतु प्रेषित की गई है।