बिहार में 25 करोड़ दीप प्रज्वलन का लक्ष्य, पीएम मोदी के सम्मान में 17 सितंबर से अभियान

  • Post By Admin on Sep 10 2026
बिहार में 25 करोड़ दीप प्रज्वलन का लक्ष्य, पीएम मोदी के सम्मान में 17 सितंबर से अभियान

लखीसराय : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा संकल्प, राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए बिहार में ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान चलाया जाएगा। कृषि मंत्री सह लखीसराय विधानसभा क्षेत्र के विधायक विजय कुमार सिन्हा ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि 17 सितंबर को शाम 7 बजे राज्य के घर-घर में दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के प्रति स्नेह और आशीर्वाद व्यक्त किया जाएगा।

लखीसराय विधानसभा प्रधान कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि यह अभियान 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत 25 करोड़ दीप प्रज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि करीब 2.50 करोड़ लोगों को अभियान से जोड़ने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि ‘श्रममेव जयते’ की भावना के साथ भगवान विश्वकर्मा के आशीर्वाद से अपने कौशल और श्रम के जरिए देश निर्माण में योगदान देने वाले श्रमिकों और सृजनकर्ताओं के सम्मान को भी अभियान का हिस्सा बनाया गया है। ‘जिसने जीवन संवारा, उसे आशीर्वाद हमारा’ के भाव के साथ लोग प्रधानमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करेंगे।

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीबों, किसानों, श्रमिकों, महिलाओं और युवाओं के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर लागू किया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत सरोवर, जन औषधि केंद्र, आयुष्मान भारत, सड़क-सेतु समेत विभिन्न विकास कार्यों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। अभियान को गांव और घर तक पहुंचाने के लिए जन वितरण प्रणाली की दुकानों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से दीपों का वितरण किया जाएगा। कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को अभियान से जोड़ेंगे। इसके अलावा चयनित स्थानों पर सामूहिक दीप प्रज्वलन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि दीप आशा, विश्वास, सम्मान और समृद्धि का प्रतीक है। प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा संकल्प के प्रति जनता का सामूहिक आशीर्वाद बिहार के गांव-गांव और घर-घर से व्यक्त होगा। उन्होंने बताया कि उक्त बातें उन्होंने लखीसराय विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर लौटने के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहीं। प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, जिला प्रभारी संजय कुमार सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष देवानंद साहू, जिला महामंत्री प्रमोद कुशवाहा एवं अमरजीत प्रजापति, मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा, ओबीसी मोर्चा के विकास आनंद सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।