लखीसराय में अधिवक्ता मुकेश कुमार के निधन पर शोक की लहर, साथियों ने दी श्रद्धांजलि

  • Post By Admin on Aug 25 2026
लखीसराय में अधिवक्ता मुकेश कुमार के निधन पर शोक की लहर, साथियों ने दी श्रद्धांजलि

लखीसराय : जिला विधिज्ञ संघ, लखीसराय से जुड़े अधिवक्ता मुकेश कुमार के असामयिक निधन से अधिवक्ता समाज में शोक की लहर है। ग्राम-पोस्ट झिनौरा निवासी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता श्री उपेंद्र प्रसाद सिंह, कल्याणपुर के जूनियर रहे मुकेश कुमार का मंगलवार को निधन हो गया।

साथी अधिवक्ताओं के अनुसार मुकेश कुमार जुझारू, कर्मठ और मिलनसार अधिवक्ता थे। वर्ष 2023 में जिला विधिज्ञ संघ, लखीसराय के चुनाव में उन्होंने ऑडिटर पद के लिए भी चुनाव लड़ा था। पिछले करीब डेढ़ वर्ष से वह अस्वस्थ चल रहे थे। स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण पिछले एक वर्ष से वह कभी-कभार ही न्यायालय में उपस्थित हो पा रहे थे।

अधिवक्ताओं ने कहा कि मुकेश कुमार के असामयिक निधन से अधिवक्ता समाज ने एक संघर्षशील और मिलनसार साथी खो दिया है। उनके निधन पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। साथी अधिवक्ता रजनीश ने जिला विधिज्ञ संघ, लखीसराय से अपील की है कि दिवंगत अधिवक्ता मुकेश कुमार को संघ की ओर से उचित सम्मान एवं श्रद्धांजलि अर्पित की जाए। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।