बकरीद को लेकर लखीसराय प्रशासन सतर्क, 74 संवेदनशील स्थलों पर रहेगी कड़ी निगरानी

  • Post By Admin on May 26 2026
बकरीद को लेकर लखीसराय प्रशासन सतर्क, 74 संवेदनशील स्थलों पर रहेगी कड़ी निगरानी

लखीसराय : आगामी ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व 2026 को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आयुक्त मुंगेर प्रमंडल ने की। बैठक में लखीसराय से जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार एवं पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने भाग लिया और जिले में पर्व को लेकर की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।

जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि बकरीद पर्व के मद्देनजर जिले के सभी संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। पूर्व वर्षों की तरह इस वर्ष भी 74 चिन्हित स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। प्रशासन ने कहा कि जिले में पूर्व वर्षों में बकरीद के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं रही है और लखीसराय सामाजिक सौहार्द एवं भाईचारे के लिए जाना जाता है।

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने बताया कि पर्व के दौरान नियंत्रण कक्ष 28 मई से 30 मई 2026 तक तीन पालियों में लगातार कार्यरत रहेगा, ताकि किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। साथ ही सदर अस्पताल समेत सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर एम्बुलेंस की उपलब्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

समीक्षा बैठक में विधि-व्यवस्था, सोशल मीडिया निगरानी, गश्ती व्यवस्था तथा अफवाहों पर नियंत्रण को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन ने आम लोगों से आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की है।