सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर लखीसराय प्रशासन सतर्क, 11 केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम

  • Post By Admin on Jun 27 2026
सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर लखीसराय प्रशासन सतर्क, 11 केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम

लखीसराय : बिहार पुलिस दूरसंचार (वितंतु) एवं तकनीकी अराजपत्रित संवर्ग में सिपाही (प्रचालक) पद की भर्ती के लिए 28 जून को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन के लिए शनिवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार और पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों एवं अन्य प्रतिनियुक्त कर्मियों की ब्रीफिंग की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर कुल 5,105 अभ्यर्थी एकल पाली में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित परीक्षा में शामिल होंगे। अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग सुबह 10 बजे तक होगी, जबकि 11 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बैठक में सभी अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर समय से पहुंचने, अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन, बायोमेट्रिक जांच और सघन तलाशी की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस अथवा अन्य किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी निगरानी और बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था सुनिश्चित की है। संबंधित तकनीकी कर्मियों को उपकरणों की पूर्व जांच तथा केंद्राधीक्षकों एवं पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा परीक्षा अवधि के दौरान लगातार गश्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने परीक्षा शुरू होने से पहले सभी केंद्रों, शौचालयों और अन्य संवेदनशील स्थानों की गहन जांच कराने पर भी जोर दिया। बैठक में प्रश्न-पत्र एवं ओएमआर शीट की गोपनीयता, सीलबंद स्टील बॉक्स के सुरक्षित परिवहन, वीडियोग्राफी, सील सत्यापन तथा परीक्षा उपरांत उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित रूप से केंद्रीय चयन पर्षद तक भेजने की प्रक्रिया की भी विस्तार से समीक्षा की गई। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें, प्रवेश-पत्र एवं वैध फोटो पहचान-पत्र साथ रखें तथा परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निष्पक्ष परीक्षा आयोजन में सहयोग करें।