सहयोग शिविर को लेकर लखीसराय प्रशासन अलर्ट, सीएम के प्रस्तावित दौरे की तैयारी तेज

  • Post By Admin on May 25 2026
सहयोग शिविर को लेकर लखीसराय प्रशासन अलर्ट, सीएम के प्रस्तावित दौरे की तैयारी तेज

लखीसराय : आगामी 2 जून को आयोजित होने वाले “सहयोग शिविर” को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में बताया गया कि प्रस्तावित सहयोग शिविर का भ्रमण माननीय मुख्यमंत्री बिहार श्री सम्राट चौधरी द्वारा किया जाना है। इसे देखते हुए सभी विभागों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े शिलान्यास, उद्घाटन, स्वीकृत राशि एवं कार्य प्रगति की अद्यतन सूची शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 10:30 बजे के बीच सहयोग शिविर पोर्टल की समीक्षा अनिवार्य रूप से करें। पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों, सुझावों एवं आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने तथा संबंधित विभाग को मामलों को तुरंत अग्रसारित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी आवेदन को लंबित नहीं रखा जाए और प्रतिदिन उसकी समीक्षा की जाए।

बैठक में अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मियों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक मार्गदर्शन देने को कहा गया। जिला पदाधिकारी ने बताया कि सहयोग शिविर की मॉनिटरिंग स्वयं मुख्यमंत्री स्तर से की जा रही है, इसलिए सभी विभागों को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करना होगा। पंचायत स्तर पर कार्यरत कर्मियों को प्रतिदिन पंचायत सरकार भवन में उपस्थिति दर्ज कराने का निर्देश दिया गया। जहां बायोमेट्रिक सुविधा उपलब्ध है वहां बायोमेट्रिक माध्यम से तथा अन्य स्थानों पर पंजी के माध्यम से उपस्थिति दर्ज की जाएगी। साथ ही पंचायत स्तर पर प्राप्त आवेदनों की दैनिक समीक्षा कर ऑन-स्पॉट निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सहयोग शिविर को सफल बनाने के लिए पूरी तत्परता से जुटने का निर्देश दिया गया। इस अवसर पर जिला बंदोबस्त पदाधिकारी मो. मुस्तकीम, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, वरीय उपसमाहर्ता श्री शशि कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता श्री राहुल कुमार, सिविल सर्जन श्री जयप्रकाश सिंह, नजारत उप समाहर्ता सुश्री प्राची कुमारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।