बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति समिति की बैठक में सौहार्द बनाए रखने की अपील
- Post By Admin on May 25 2026
लखीसराय : ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व 2026 के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने को लेकर सोमवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार ने की।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों से बकरीद पर्व के दौरान संभावित समस्याओं, संवेदनशील स्थलों तथा अप्रिय घटनाओं की आशंकाओं को लेकर सुझाव एवं फीडबैक लिया गया। सदस्यों ने कहा कि लखीसराय जिला हमेशा से सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे का प्रतीक रहा है तथा यहां धार्मिक स्थलों को लेकर कभी कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई है। बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि कोई असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने अथवा अफवाह फैलाने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखने का भी निर्देश दिया गया, ताकि किसी प्रकार की भ्रामक सूचना या आपत्तिजनक पोस्ट से सामाजिक सौहार्द प्रभावित नहीं हो।
उप विकास आयुक्त ने पंचायत स्तर पर बुजुर्गों, युवाओं एवं विभिन्न समुदायों को शामिल कर शांति समिति गठित करने का निर्देश दिया। इसके बाद प्रखंड स्तर पर बीडीओ, सीओ और थाना अध्यक्ष द्वारा बैठक आयोजित करने तथा अनुमंडल स्तर पर प्रतिनिधियों के साथ अलग से बैठक करने की बात कही गई। अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों की पहचान कर निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही पर्व के दौरान आवश्यकतानुसार दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, नियमित गश्ती और विधि-व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने को कहा गया। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष श्री अरविंद पासवान, पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) श्री अजीत प्रताप सिंह, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), स्थापना उपसमाहर्ता श्री शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, शांति समिति के सदस्य एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।