ITC और सशक्त फाउंडेशन की पहल, कुढ़नी में माताओं को सिखाए गए पोषण व स्वच्छता के गुर

  • Post By Admin on Sep 09 2026
ITC और सशक्त फाउंडेशन की पहल, कुढ़नी में माताओं को सिखाए गए पोषण व स्वच्छता के गुर

मुजफ्फरपुर : आईटीसी (ITC) एवं सशक्त फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 'बाउंस ऑफ जॉय' कार्यक्रम के तहत कुढ़नी प्रखंड की पुरुषोत्तमपुर पंचायत में माताओं के बीच पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन में पंचायत की 100 से अधिक माताओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान माताओं को जागरूक करने के लिए व्यावहारिक गतिविधियों का सहारा लिया गया। पहले चरण में माताओं के बीच एक गतिविधि कराई गई, जिसमें उन्हें जंक फूड और पोषणयुक्त खाद्य पदार्थों की अलग-अलग पहचान कर उनका वर्गीकरण करना सिखाया गया। इसके बाद दूसरे चरण में प्रश्नोत्तरी सत्र का आयोजन हुआ, जहां स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध पौष्टिक आहार और बेहतर स्वास्थ्य के अंतर्संबंधों पर विस्तार से चर्चा की गई।

समारोह के मुख्य अतिथि एवं सशक्त फाउंडेशन के निदेशक प्रभात कुमार ने माताओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक स्वस्थ और सशक्त भविष्य की नींव बच्चों को सही पोषण देने से ही रखी जा सकती है, जिसमें माताओं की भूमिका सबसे निर्णायक है। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं में बढ़ती इनडोर गेमिंग की आदत पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्हें खेल के मैदान से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मैदानी खेल युवाओं के समग्र शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद आवश्यक हैं।

उल्लेखनीय है कि विगत तीन वर्षों से आईटीसी और सशक्त फाउंडेशन द्वारा 'बाउंस ऑफ जॉय' कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत पहले वर्ष में 75 और दूसरे वर्ष में 70 सरकारी व गैर-सरकारी विद्यालयों में खेल आधारित सर्वांगीण विकास गतिविधियां संचालित की गईं। वहीं, इस वर्ष मुजफ्फरपुर जिले के 1100 विद्यालयों सहित ग्रामीण क्षेत्रों की माताओं के बीच पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जा रहा है।

इस आयोजन को सफल बनाने में राखी देवी, सीता देवी, देवी देवी, माला देवी, सुमन कुमारी और ज्वाला सिंह ने सक्रिय योगदान दिया। वहीं कार्यक्रम को सफल बनाने में सशक्त फाउंडेशन की राज्य प्रमुख शालिनी रंजन, उपप्रबंधक अमित चौधरी तथा कोच रोहित कुमार, विवेक कुमार, अविनाश गुप्ता, अंकित प्रकाश और आकांक्षा शुभम की भूमिका सराहनीय रही।