स्व. कृष्णा प्रसाद सिंह की पुण्य स्मृति में पर्यावरण भारती ने किया पौधारोपण
- Post By Admin on Sep 01 2026
लखीसराय : पर्यावरण भारती की ओर से मंगलवार को धनराज टोला, बड़हिया में आरएसएस के जिला संघचालक रहे स्व. कृष्णा प्रसाद सिंह (सहदुल जी) की पुण्य स्मृति में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण भारती के जिला पेड़ उपक्रम प्रमुख कन्हैया कुमार सिंह ने किया। स्व. कृष्णा प्रसाद सिंह की सुपुत्री ज्योत्सना सिंह और निवेदिता सिंह ने पौधारोपण अभियान में सहयोग किया।
पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से संस्था वर्ष 2008 से लगातार वृक्षारोपण अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को शुद्ध ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाना है। ऑक्सीजन जीवन के लिए आवश्यक है और प्राकृतिक रूप से इसकी उपलब्धता हरे-भरे वृक्षों से ही होती है। उन्होंने कहा कि दुनिया में बढ़ती मानव आबादी के कारण बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई हुई है। इसके परिणामस्वरूप पर्यावरण असंतुलन बढ़ा है और प्राकृतिक आपदाओं का खतरा भी बढ़ रहा है। आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर के आसपास कम से कम 10 पेड़ लगाने का प्रयास करना चाहिए। पर्यावरण प्रहरी प्रशांत कुमार यदुवंशी ने स्व. कृष्णा प्रसाद सिंह के सामाजिक और पर्यावरणीय योगदान को याद करते हुए कहा कि वे राष्ट्रभक्त, सामाजिक कार्यकर्ता और पर्यावरणविद थे। उन्होंने बड़हिया के टाल क्षेत्र में भी वृक्षारोपण अभियान चलाया था और किसानों को उचित सलाह देकर उन्हें पौधारोपण से जोड़ने का काम किया।
कार्यक्रम में स्व. कृष्णा प्रसाद सिंह के परिवार की ओर से उनकी पुत्रियां ज्योत्सना सिंह और निवेदिता सिंह शामिल हुईं। बताया गया कि उनकी ज्येष्ठ पुत्री ज्योत्सना ने अपने पिता को मुखाग्नि दी थी, जबकि उनकी छोटी पुत्री निवेदिता ने पौधारोपण कार्यक्रम में सहयोग किया। उनके एकमात्र पुत्र अम्बरीश कुमार अमेरिका में इंजीनियर हैं। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पुण्य स्मृति में पौधारोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्व. कृष्णा प्रसाद सिंह के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि भी है। पौधारोपण कार्यक्रम में ज्योत्सना सिंह, निवेदिता सिंह, प्रशांत कुमार यदुवंशी, राम बिलास शाण्डिल्य और कन्हैया कुमार सिंह सहित अन्य लोगों ने भाग लिया।