गुरु रविदास जयंती पर लखीसराय में निकली कलश यात्रा, 27 अगस्त से लगेंगे विकास शिविर
- Post By Admin on Aug 20 2026
लखीसराय: संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर लखीसराय में कलश यात्रा का शुभारंभ किया गया। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने समाहरणालय परिसर से कलश यात्रा को रवाना किया। कलश वाहन जिले के सभी सात प्रखंड मुख्यालयों तक पहुंचेगा और निर्धारित मार्ग के अनुसार सभी पंचायतों का भ्रमण करेगा।
कलश यात्रा के बाद जिले के अनुसूचित जाति बहुल टोलों में ‘श्री गुरु संत रविदास विकास शिविर’ आयोजित किए जाएंगे। जिला कल्याण पदाधिकारी के अनुसार यह विशेष अभियान 27 अगस्त 2026 से 15 फरवरी 2027 तक प्रत्येक गुरुवार को संचालित किया जाएगा। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के तत्वावधान में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य अनुसूचित जाति बहुल टोलों में रहने वाले पात्र और वंचित परिवारों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। शिविरों के माध्यम से पात्र लाभुकों की पहचान कर उन्हें विभिन्न योजनाओं से जोड़ने और अधिकतम आच्छादन सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। शिविरों में राशन कार्ड, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, विद्यालय में नामांकन, आंगनबाड़ी सेवाएं, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, कौशल विकास कार्यक्रम और मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना जैसी सुविधाओं से लाभुकों को जोड़ा जाएगा।
इसके अलावा ई-श्रम कार्ड, श्रमिक पंजीकरण, आयुष्मान भारत कार्ड, स्वास्थ्य जांच एवं हेल्थ कैंप, प्रधानमंत्री आवास योजना और वास-भूमि से संबंधित मामलों में भी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन, पारिवारिक लाभ, कबीर अंत्येष्टि अनुदान, मुख्यमंत्री कन्या विवाह, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसी योजनाओं से पात्र परिवारों को जोड़ा जाएगा। शिविरों में बुनियाद केंद्र की योजनाओं के तहत चश्मा, हियरिंग एड और तिपहिया साइकिल जैसी सुविधाओं के लिए भी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ हर घर नल-जल, मुख्यमंत्री ग्रामीण पक्की गली-नाली निश्चय योजना, मनरेगा जॉब कार्ड, जन-धन खाता और सामाजिक सुरक्षा बीमा योजनाओं से संबंधित कार्य भी किए जाएंगे। लाभुकों को बिजली कनेक्शन, जीविका समूह एवं सतत जीविकोपार्जन योजना से जोड़ने के साथ अनुसूचित जाति टोलों में मुख्यमंत्री टोला संपर्क योजना तथा स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण और लोहिया स्वच्छता अभियान के तहत सामुदायिक एवं व्यक्तिगत शौचालय की सुविधाओं से भी आच्छादित करने की कार्रवाई होगी।
पंचायत स्तर पर संचालित होंगे शिविर
‘श्री गुरु संत रविदास विकास शिविर’ का संचालन संबंधित पंचायत सचिव और विकास मित्र द्वारा किया जाएगा। शिविर में सभी संबंधित पंचायत स्तरीय कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक शिविर की निगरानी के लिए प्रखंड स्तर पर एक पर्यवेक्षक को प्रभारी बनाया जाएगा। जिला प्रशासन ने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को शिविरों का प्रभावी एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। प्रशासन का लक्ष्य अनुसूचित जाति बहुल टोलों में रहने वाले अधिक से अधिक पात्र एवं वंचित परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है।
प्रशासन के अनुसार अभियान केवल योजनाओं के प्रचार-प्रसार तक सीमित नहीं रहेगा। इसके तहत लोगों को योजनाओं की जानकारी देने, पात्रता की पहचान करने, आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने और लाभुकों को संबंधित योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया गांव और टोले तक पहुंचाई जाएगी।