किऊल स्टेशन पर चोरी के मोबाइल के साथ 14 वर्षीय नाबालिग निरुद्ध, RPF की कार्रवाई

  • Post By Admin on Aug 20 2026
किऊल स्टेशन पर चोरी के मोबाइल के साथ 14 वर्षीय नाबालिग निरुद्ध, RPF की कार्रवाई

लखीसराय: ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत किऊल रेलवे स्टेशन पर यात्री सामानों की चोरी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस ने एक नाबालिग को चोरी के मोबाइल के साथ निरुद्ध किया है। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, 20 अगस्त 2026 को निरीक्षक प्रभारी रेलवे सुरक्षा बल किऊल प्रशांत कुमार और राजकीय रेल थाना प्रभारी किऊल के नेतृत्व में पुलिस टीम स्टेशन क्षेत्र में यात्रियों के सामान की चोरी रोकने के लिए जांच कर रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 6:10 बजे एक नाबालिग संदिग्ध अवस्था में मिला। पूछताछ के दौरान वह यात्रा से संबंधित कोई टिकट प्रस्तुत नहीं कर सका और पुलिस को संतोषजनक जवाब भी नहीं दे पाया। इसके बाद उसकी तलाशी ली गई, जिसमें वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में नाबालिग ने कथित तौर पर उक्त मोबाइल को रात में ट्रेन में एक यात्री से चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद मौके पर तलाशी-सह-जप्ती सूची तैयार कर सुबह करीब 6:20 बजे मोबाइल को जब्त कर लिया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, निरुद्ध किए गए नाबालिग की उम्र 14 वर्ष है और वह मुंगेर जिले का रहने वाला बताया गया है। करीब 6:30 बजे निरुद्ध ज्ञापन तैयार करने की कार्रवाई पूरी की गई।बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 20,000 रुपये बताई गई है। मामले में राजकीय रेल पुलिस किऊल द्वारा संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।