बिहार में बना किन्नर कल्याण बोर्ड, ट्रांसजेंडर समुदाय में खुशी की लहर

  • Post By Admin on Aug 08 2025
बिहार में बना किन्नर कल्याण बोर्ड, ट्रांसजेंडर समुदाय में खुशी की लहर

पटना : बिहार सरकार ने ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘बिहार राज्य किन्नर कल्याण बोर्ड’ के गठन की अधिसूचना जारी की है। इस ऐतिहासिक फैसले से किन्नर समाज में खुशी का माहौल है और उन्हें नई पहचान मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

बोर्ड में ट्रांसजेंडर समुदाय के सात सदस्य भी शामिल होंगे, जो अपनी समस्याओं और अधिकारों की आवाज सरकार तक पहुंचाने में भूमिका निभाएंगे। बोर्ड के सदस्य डॉ. राजन सिंह ने इसे “आजादी का दिन” बताते हुए कहा कि यह कदम ट्रांसजेंडर समाज को सम्मान और अधिकार दिलाने की दिशा में मील का पत्थर है। उन्होंने कहा, “आज हमारे लिए यह दिन दिवाली और ईद जैसा खुशियों से भरा है।”

डॉ. सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार को इस फैसले के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि जनता के दबाव और समर्थन से यह महत्वपूर्ण निर्णय चुनाव से पहले लिया गया है। उन्होंने इसे सामाजिक समावेशन की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।

इसी दिन पुनौराधाम में माता जानकी की जन्मस्थली पर भव्य मंदिर के भूमि पूजन का कार्यक्रम भी आयोजित हुआ, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मौजूद थे। डॉ. राजन सिंह ने कहा कि जैसे त्रेता युग में भगवान राम ने किन्नर समाज को अपनाया था, उसी प्रकार आज की इस पहल से ट्रांसजेंडर समुदाय को सामाजिक सम्मान मिलेगा।

‘बिहार राज्य किन्नर कल्याण बोर्ड’ का उद्देश्य ट्रांसजेंडर लोगों के अधिकारों की सुरक्षा, उनके सामाजिक विकास और सशक्तीकरण को सुनिश्चित करना है। यह बोर्ड समुदाय की समस्याओं के समाधान और कल्याण के लिए एक प्रभावी माध्यम साबित होगा।