समाजसेवी मुक्तेश्वर सिंह के आवेदन पर बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग ने लिया संज्ञान

  • Post By Admin on Sep 16 2026
समाजसेवी मुक्तेश्वर सिंह के आवेदन पर बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग ने लिया संज्ञान

मुजफ्फरपुर : खादी ग्रामोद्योग से जुड़े मामले में बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए इसे बिहार सरकार के उद्योग विभाग के सचिव को अग्रसारित किया है। आयोग ने मामले में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए शिकायत का निष्पादन दिशा-निर्देश के साथ कर दिया है।

मुशहरी थाना क्षेत्र के मणिका हरीकिशुन निवासी समाजसेवी मुक्तेश्वर सिंह मुकेश ने 5 अगस्त 2026 को बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग को शिकायत-पत्र भेजा था। आवेदन में उन्होंने मुजफ्फरपुर खादी ग्रामोद्योग संघ में कथित भ्रष्टाचार की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा जिला खादी ग्रामोद्योग संघ को बचाने का अनुरोध किया था।शिकायत पर आयोग ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए 3 सितंबर 2026 को कार्रवाई की। आयोग की ओर से शिकायत को आवश्यक कार्रवाई के लिए सचिव, उद्योग विभाग, बिहार सरकार, पटना को भेजा गया है। साथ ही मामले में विभागीय स्तर पर आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया है।

आयोग की कार्रवाई के बाद अब इस मामले में आगे की प्रक्रिया उद्योग विभाग के स्तर से पूरी की जानी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच और उसके आधार पर कार्रवाई को लेकर विभाग की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।