कर्मनाशा लिंक नहर की पुनर्स्थापन एवं लाईनिंग कार्य योजना को मिली कैबिनेट से मंजूरी

  • Post By Admin on Nov 03 2023
कर्मनाशा लिंक नहर की पुनर्स्थापन एवं लाईनिंग कार्य योजना को मिली कैबिनेट से मंजूरी

कैमूर : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में ‘कर्मनाशा लिंक नहर की पुनर्स्थापन एवं लाईनिंग कार्य योजना’ सहित जल संसाधन विभाग के कुल 09 योजनाओं को मंजूरी मिल गई है। 

जल संसाधन तथा सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्री संजय कुमार झा ने बताया कि कर्मनाशा लिंक नहर के 0.00 किमी से 8.535 किमी तक पुनर्स्थापन एवं लाईनिंग कार्य, नहर के विभिन्न बिन्दुओं पर 04 फॉल एवं 04 फॉल-सह-द्विपथीय सेतु का निर्माण कार्य तथा नहर के विभिन्न बिन्दुओं 03 सीडी एवं 49 आउटलेट का निर्माण कराया जाएगा।

श्री संजय कुमार झा ने बताया कि कर्मनाशा लिंक नहर के माध्यम से मुसाखाड़ समझौता अंतर्गत मुसाखाड़ डैम (उत्तर प्रदेश) से बिहार की कर्मनाशा नहर प्रणाली में प्राप्त जलस्राव प्रवाहित कर कैमूर जिले के चांद और दुर्गावती प्रखंड, जो अनावृष्टि क्षेत्र है, की 2650 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई उपलब्ध कराई जाती है। लेकिन, पिछले कुछ वर्षों से कोहिरा जलाशय में पानी की कमी के कारण, कर्मनाशा नहर प्रणाली में पर्याप्त जलश्राव प्राप्त नहीं हो पाता है, जिससे उपरोक्त क्षेत्र में सिंचाई हेतु कर्मनाशा लिंक नहर की भूमिका अधिक अहम हो जाती है।

वर्तमान में कर्मनाशा लिंक नहर प्रणाली जर्जर अवस्था में है। नहर का बायां तट क्षतिग्रस्त है तथा नहर में लाईनिंग नहीं होने से जलश्राव की क्षति होती है, जिससे जलश्राव का अधिकतम उपयोग संभव नहीं हो पा रहा है। कर्मनाशा लिंक नहर के पुनर्स्थापन एवं लाईनिंग कार्य से यह दिक्कत दूर हो जाएगी और इससे अंतिम छोर तक सिंचाई सुविधा सुनिश्चित होगी। योजना की प्राक्कलित राशि 51 करोड़ 41 लाख रुपए है।