जीविका दीदियों का नशामुक्ति अभियान, पंचायत विकास दिवस पर गांव-गांव पहुंचा जागरूकता संदेश

  • Post By Admin on Jun 28 2026
जीविका दीदियों का नशामुक्ति अभियान, पंचायत विकास दिवस पर गांव-गांव पहुंचा जागरूकता संदेश

लखीसराय : राज्य सरकार की पहल "विकसित भारत, समृद्ध बिहार" अभियान के तहत रविवार को जिले की सभी पंचायतों में पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान पंचायतों में विकास योजनाओं के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण और नशामुक्ति को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। आयोजन में जीविका से जुड़ी महिलाओं और सामुदायिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी रही।

जिले के सभी सात प्रखंडों की 76 ग्राम पंचायतों में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई। जीविका दीदियों ने गांवों में भ्रमण कर मद्यनिषेध और अन्य प्रकार के नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक किया। उन्होंने "नशे की मार सबसे बड़ी मार, बर्बाद करे घर-परिवार" तथा "जन-जन का यही संदेश, नशा मुक्त हो अपना प्रदेश" जैसे नारों के माध्यम से ग्रामीणों को नशामुक्त समाज बनाने का संदेश दिया। इसके बाद जीविका से संबद्ध 17 संकुल स्तरीय संघों और 582 ग्राम संगठनों में बैठकों का आयोजन कर नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।

चानन प्रखंड के कुंदर पंचायत में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में ग्रामीण कार्य मंत्री एवं लखीसराय के प्रभारी मंत्री सुनील कुमार, विधायक रामानंद मंडल, जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, उप विकास आयुक्त सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जीविका दीदी फूला कुमारी ने राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उज्ज्वला योजना, हर घर नल योजना समेत विभिन्न योजनाओं से लोगों को मिल रहे लाभों पर प्रकाश डाला।

पंचायत विकास दिवस के अवसर पर जीविका दीदियों ने रंगोली बनाकर और हाथों में नशामुक्ति अभियान की मेहंदी रचाकर लोगों को अभियान के प्रति जागरूक किया। जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका अनीता कुमारी ने बताया कि जिले में 50 हजार से अधिक जीविका दीदियों ने मद्यनिषेध नीति के प्रचार-प्रसार और जनभागीदारी सुनिश्चित करने में सक्रिय भूमिका निभाई।