जन्माष्टमी पर डांडिया और मटकी फोड़ का आयोजन

  • Post By Admin on Sep 05 2026
जन्माष्टमी पर डांडिया और मटकी फोड़ का आयोजन

बंदरा: प्रखंड क्षेत्र के शिवशक्ति धाम बरियारपुर मोहनपुर में जन्माष्टमी महोत्सव धूमधाम एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में बाबा बुद्धेश्वरनाथ महादेव एवं मईया का विशेष श्रृंगार, छप्पन भोग, भजन संध्या, डांडिया और मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चलते पूरा मंदिर परिसर भक्ति, उल्लास और उत्साह से सराबोर रहा।

जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक तरीके से सजाया गया था। मध्य रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर विशेष पूजन किया गया। कृष्ण जन्म के बाद विधिवत आरती की गई और श्रद्धालुओं एवं भक्तों के बीच छप्पन भोग के महाप्रसाद का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की और जन्मोत्सव में भाग लिया। जन्मोत्सव के दौरान देर रात युवाओं की टोली ने उत्साहपूर्वक मटकी फोड़ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। युवाओं ने पूरे जोश के साथ मटकी फोड़ी। मटकी फूटते ही मंदिर परिसर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा। मौजूद श्रद्धालुओं ने भी उत्साह के साथ जयकारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

आयोजन में डांडिया कार्यक्रम भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। युवाओं और श्रद्धालुओं ने डांडिया में उत्साहपूर्वक भाग लेकर जन्माष्टमी की खुशियां मनाईं। भजन संध्या और धार्मिक प्रस्तुतियों ने भी लोगों को देर रात तक बांधे रखा। धर्मादा कमिटी के अध्यक्ष विमल कुमार सिंह ने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन युवाओं को अपनी संस्कृति और धर्म के प्रति आस्था से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी महोत्सव में ग्रामीण युवाओं का उत्साह और जोश काबिलेतारीफ रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भक्त शामिल हुए। धार्मिक अनुष्ठान, भजन, डांडिया और मटकी फोड़ कार्यक्रम ने जन्माष्टमी महोत्सव को विशेष और यादगार बना दिया।