समाज शक्ति पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष ने जल्द शिकायत निवारण सेल शुरू करने की कही बात

  • Post By Admin on Sep 16 2026
समाज शक्ति पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष ने जल्द शिकायत निवारण सेल शुरू करने की कही बात

मुजफ्फरपुर: समाज शक्ति पार्टी के नवनियुक्त बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष इरफान अहमद वारसी के मनोनयन से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने जनता से सीधे संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने का संकल्प व्यक्त किया है।

प्रेस को जारी बयान में इरफान अहमद वारसी ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता होगी। बिहार के किसी भी क्षेत्र का नागरिक अपनी समस्या, शिकायत या सुझाव लेकर उनसे सीधे संपर्क कर सकता है। उन्होंने कहा कि आम जनता से प्राप्त समस्याओं और शिकायतों को संबंधित शासन एवं प्रशासन के समक्ष उचित तरीके से उठाया जाएगा। साथ ही उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं को केवल सुनना ही नहीं, बल्कि उनके समाधान की दिशा में लगातार पहल करना भी उनकी जिम्मेदारी होगी।

नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता से अपील की कि वे अपनी समस्याएं और सुझाव बेझिझक उनके सामने रखें। उन्होंने बताया कि संगठन स्तर पर जल्द ही शिकायत निवारण सेल यानी Grievance Cell शुरू करने की दिशा में पहल की जाएगी। इसके माध्यम से जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को व्यवस्थित रूप से संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इरफान अहमद वारसी ने कहा कि समाज शक्ति पार्टी को मजबूत करने के साथ-साथ जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना उनकी जिम्मेदारी होगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की अपील की।