अंतर्राष्ट्रीय विचित्र संगीत दिवस पर पौधारोपण, स्वच्छ हवा और पर्यावरण संरक्षण का आह्वान
- Post By Admin on Aug 24 2026
लखीसराय : अंतर्राष्ट्रीय विचित्र संगीत दिवस के अवसर पर 24 अगस्त को पर्यावरण भारती की ओर से बिछवे, किऊल, चानन क्षेत्र में पौधारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व हिमालय ने किया, जबकि शिक्षक अरविंद कुमार ने सहयोग किया।
पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि धरती के संतुलन के लिए कम से कम 33 प्रतिशत क्षेत्र में जंगल होना आवश्यक है, जबकि वर्तमान में करीब 15 प्रतिशत जंगल ही बचा है। उन्होंने कहा कि इसका प्रभाव जलवायु परिवर्तन के रूप में दिखाई देने लगा है। लखीसराय और जमुई के कई क्षेत्रों में खेतों तक नहर का पानी नहीं पहुंच पाता है और कृषि काफी हद तक वर्षाजल पर निर्भर है। बारिश कम होने से धान की खेती भी प्रभावित हो रही है। ऐसे में पौधारोपण अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में आवश्यक कदम है।
उन्होंने कहा कि पौधारोपण से केवल प्रकृति की सुंदरता नहीं बढ़ती, बल्कि मानव जीवन और पर्यावरण संरक्षण में भी पेड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका है। वृक्ष कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर ऑक्सीजन प्रदान करते हैं और ग्लोबल वार्मिंग को कम करने में सहायक होते हैं। उन्होंने बताया कि पेड़ों के नीचे का तापमान आसपास के खुले क्षेत्र की तुलना में कम रहता है और वृक्ष वर्षा जल चक्र को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि नदियों में कटाव और गाद की समस्या को कम करने में भी पेड़ों की भूमिका महत्वपूर्ण है। वृक्षों की जड़ें मिट्टी को बांधकर रखती हैं, जिससे मिट्टी का कटाव कम होता है। इसके अलावा पेड़-पौधे पक्षियों, गिलहरियों और चमगादड़ों जैसे जीवों के लिए आश्रय स्थल का काम करते हैं। ये जीव बीजों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाकर प्राकृतिक रूप से पौधों के प्रसार में योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल पेड़ लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, पानी, मिट्टी और पर्यावरण सुरक्षित करने का प्रयास है। लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी करनी चाहिए।
शिक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय विचित्र संगीत दिवस प्रत्येक वर्ष 24 अगस्त को मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि इसकी शुरुआत न्यूयॉर्क के संगीतकार पैट्रिक ग्रांट ने की थी और इसका उद्देश्य नए संगीतकारों का मनोबल बढ़ाना है। कार्यक्रम में अनिल कुमार, आर्या कुमारी, आरव, हिमालय, शिक्षक अरविंद कुमार, राम बिलास शाण्डिल्य, गोविंदा, संदीप कुमार सिंह, मिथुन, सागर महतो, बादल महतो सहित अन्य लोगों ने भाग लिया।