विद्यालयों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की पहल, डीएम ने तैयार कराया रोडमैप

  • Post By Admin on Jul 01 2026
विद्यालयों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की पहल, डीएम ने तैयार कराया रोडमैप

लखीसराय : जिले के विद्यालयों में खेल गतिविधियों को सशक्त बनाने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों में खेल संस्कृति के विकास, खिलाड़ियों की पहचान, प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में सहभागिता बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों में खेल गतिविधियों का नियमित एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में सभी शारीरिक शिक्षा शिक्षकों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने विद्यालयों में विभिन्न खेलों में रुचि रखने वाले छात्र-छात्राओं की पहचान कर उनकी प्रतिभा का आकलन करें तथा उन्हें नियमित प्रशिक्षण उपलब्ध कराएं। साथ ही खेल सामग्री का समुचित उपयोग सुनिश्चित करते हुए विद्यालय स्तर पर नियमित अभ्यास, अंतर-विद्यालय प्रतियोगिताओं में भागीदारी और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की कार्ययोजना बनाई जाए।

डीएम ने प्रत्येक विद्यालय में खेल गतिविधियों का वार्षिक कैलेंडर तैयार करने और समय-समय पर खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संसाधनों या मार्गदर्शन के अभाव में किसी भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी की प्रतिभा प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। जिला प्रशासन आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएगा। बैठक में विद्यालयों में खेल अधोसंरचना के बेहतर उपयोग, नियमित अभ्यास व्यवस्था, खिलाड़ियों के कौशल विकास तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। संबंधित अधिकारियों एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षकों को आपसी समन्वय के साथ खेल गतिविधियों को नई गति देने और जिले को खेल के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला खेल पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित जिले के सभी शारीरिक शिक्षा शिक्षक उपस्थित रहे।