लखीसराय के पिपरिया दियारा में कई विकास योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास, जुटे कई मंत्री
- Post By Admin on May 16 2026
लखीसराय: जिले के पिपरिया दियारा क्षेत्र में विभिन्न विकास योजनाओं के शिलान्यास एवं उद्घाटन को लेकर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुंगेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद सह केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री श्रवण कुमार, भवन निर्माण विभाग की मंत्री लेसी सिंह तथा सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल भी मौजूद रहे। अतिथियों का जिला प्रशासन एवं स्थानीय लोगों द्वारा पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इस दौरान पिपरिया प्रखंड में प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय, आवासीय भवन, जीविका भवन तथा अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई निर्माण सहित कई विकास योजनाओं का शिलान्यास किया गया। बताया गया कि इन योजनाओं से क्षेत्र में प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार होगा और ग्रामीण विकास के साथ स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है और पिपरिया दियारा जैसे क्षेत्रों में विकास योजनाएं लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी। ग्रामीण कार्य मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन का निर्देश दिया। वहीं भवन निर्माण मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि भवन निर्माण और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाएं राज्य के विकास की आधारशिला हैं और सरकार आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार तथा अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।