पर्यावरण संरक्षण की मिसाल : बेटी के 10वें जन्मदिन पर बांटे गए 101 पौधे

  • Post By Admin on Aug 21 2026
पर्यावरण संरक्षण की मिसाल : बेटी के 10वें जन्मदिन पर बांटे गए 101 पौधे

लखीसराय : समाज में उत्सवों और जन्मदिन मनाने के पारंपरिक तौर-तरीकों से इतर, लखीसराय जिले के सुरारी इमामनगर निवासी और जीएसटी मुंबई में कार्यरत निरीक्षक श्रीकांत कुमार महतो ने अपनी पुत्री वागीशा के 10वें जन्मदिन को पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित किया। इस अवसर पर चानन प्रखंड के नागरदार स्थित शिव मंदिर प्रांगण में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में ग्रामीणों को 101 पौधे वितरित किए गए।

स्थानीय समाजसेवी निरंजन कुमार की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में गाँव के युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

10 वर्षों का निरंतर संकल्प

श्रीकांत कुमार महतो ने अपनी बेटी की पहली वर्षगाँठ से ही हर जन्मदिन पर पौधारोपण और वितरण का संकल्प लिया था। पिछले नौ वर्षों में इस पहल के माध्यम से 460 से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। इस वर्ष 101 फलदार आम के पौधों के वितरण के साथ यह अभियान और अधिक व्यापक हो गया है।

पर्यावरण सुरक्षा का आह्वान

कार्यक्रम के दौरान श्री महतो और उनके सहयोगियों ने संदेश दिया कि जन्मदिन और विवाह वर्षगाँठ जैसे अवसरों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने के रूप में भी मनाया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि प्रत्येक परिवार हर शुभ अवसर पर कम से कम एक पौधा लगाने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण तैयार किया जा सकता है।

स्थानीय निवासियों ने इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। मौके पर मौजूद गुलेसर महतो, रंजीत यादव, रामबरन रविदास, मनोज यादव, अमित दास, अभिया देवी, सबिता देवी सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने फलदार पौधे प्राप्त किए और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।