अस्पताल से लेकर पंचायत तक सक्रिय दिखा प्रशासन, डीएम ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

  • Post By Admin on May 27 2026
अस्पताल से लेकर पंचायत तक सक्रिय दिखा प्रशासन, डीएम ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

लखीसराय : जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, उप विकास आयुक्त एवं अपर समाहर्ता द्वारा बुधवार को बड़हिया स्थित पुराने और नवनिर्मित रेफरल अस्पताल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नए अस्पताल भवन में विद्युत व्यवस्था शुरू कराई गई, जिसके बाद पुराने अस्पताल को नए भवन में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई।

मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने नए भवन में ही पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कराने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित कर्मियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि अस्पताल आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सफाईकर्मियों की संख्या बढ़ाने, कार्यस्थल आवंटित करने तथा रोस्टर बनाकर प्रतिदिन होने वाले कार्यों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नए अस्पताल भवन का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करते हुए इसे पूरी तरह कार्यात्मक बनाया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

इसके बाद जिला पदाधिकारी डुमरी पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन पहुंचे, जहां पंचायत स्तरीय कर्मियों और ग्रामीणों के साथ सहयोग शिविर को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीणों ने आवास, राशन, पेयजल, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उठाईं। जिला पदाधिकारी ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित आवेदकों को विभागीय निर्धारित प्रारूप में आवेदन देने के प्रति जागरूक भी किया।

बैठक में पंचायत स्तर पर कार्यरत कर्मियों को निर्देश दिया गया कि वे आम लोगों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएं और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। इस दौरान कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। निरीक्षण एवं बैठक के दौरान नगर परिषद बड़हिया के कार्यपालक पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।