आमजन को बेहतर सेवाएं देने पर जोर, सहयोग शिविर की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा

  • Post By Admin on Jul 05 2026
आमजन को बेहतर सेवाएं देने पर जोर, सहयोग शिविर की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा

लखीसराय : आगामी 7 जुलाई को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शनिवार को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार एवं उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने गढ़ी बिशनपुर, गंगा सराय एवं सैदपुरा पंचायतों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ सहयोग शिविर की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में प्राप्त आवेदनों की स्थिति, उनके निष्पादन की प्रगति, लंबित मामलों के कारणों तथा अब तक निष्पादित आवेदनों की जानकारी ली गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

उन्होंने सहयोग शिविर प्रभारी एवं संबंधित पदाधिकारियों को 7 जुलाई से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश देते हुए कहा कि तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाए और किसी भी प्रकार की कमी को तत्काल दूर किया जाए।उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सहयोग शिविर में आने वाले लोगों को सुगम, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हों। निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रखंड एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।