अशोक धाम में श्रावणी मेले के लिए व्यापक तैयारी, सुरक्षा, पार्किंग और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर
- Post By Admin on Jun 30 2026
लखीसराय : आगामी 30 जुलाई से 28 सितंबर तक आयोजित होने वाले श्रावणी मेला-2026 के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में अशोक धाम मंदिर परिसर में समीक्षा बैठक आयोजित कर सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में मंदिर ट्रस्ट ने बताया कि प्रत्येक वर्ष रविवार और सोमवार को श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहती है। इसे देखते हुए भीड़ प्रबंधन और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई है। जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पिछले वर्षों के अनुभवों के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक उपायों पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बी.एड. कॉलेज गेट और अशोक अकादमी के समीप पार्किंग स्थल विकसित किए जाएंगे। मंदिर में प्रवेश केवल दक्षिणी गेट से कराया जाएगा तथा बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित ढंग से कतारबद्ध कराने के लिए एनसीसी कैडेटों की भी सहायता ली जाएगी। बैठक में रेलवे स्टेशन से मंदिर परिसर तथा मंदिर से बालगुदर तक पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश विद्युत विभाग को दिया गया। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग कर विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने पर जोर दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए मंदिर परिसर तथा ट्रस्ट के कमरों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
श्रावणी मेले के दौरान साफ-सफाई के लिए तीन शिफ्टों में कर्मियों की तैनाती होगी। रेलवे स्टेशन के समीप महिलाओं और पुरुषों के लिए अस्थायी शौचालय बनाए जाएंगे। श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्थायी चिकित्सा केंद्र और मोबाइल हेल्थ टीम भी सक्रिय रहेगी। सोमवार को संभावित अधिक भीड़ को देखते हुए बालगुदर और बी.एड. कॉलेज से मंदिर तक श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की योजना पर भी चर्चा की गई। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ श्रावणी मेला को सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल बनाने के निर्देश दिए।