डीएम के नेतृत्व में निकली पर्यावरण जागरूकता रैली, शहीदों को भी दी श्रद्धांजलि

  • Post By Admin on Jun 05 2026
डीएम के नेतृत्व में निकली पर्यावरण जागरूकता रैली, शहीदों को भी दी श्रद्धांजलि

लखीसराय : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लखीसराय जिला प्रशासन द्वारा जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में जागरूकता आधारित भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, ऊर्जा बचत तथा हरित जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करना था।

साइकिल रैली का शुभारंभ विद्यापीठ चौक से हुआ, जिसमें जिला प्रशासन के अधिकारियों, पुलिस एवं प्रशासनिक कर्मियों, विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, मीडिया प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लिया। रैली उत्साहपूर्ण माहौल में विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए जिला अतिथि गृह के समीप स्थित तालाब परिसर तक पहुंची। रैली के दौरान जिला पदाधिकारी ने शहीद द्वार पर रुककर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं नागरिकों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी ने मार्ग में स्थित विभिन्न धार्मिक स्थलों का भी अवलोकन किया तथा उन्हें स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने की अपील की। मुख्य बाजार से गुजरने के दौरान स्थानीय लोगों ने रैली में शामिल प्रतिभागियों का स्वागत किया और तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। तालाब परिसर के निकट आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी एवं अन्य वरीय अधिकारियों ने संयुक्त रूप से पौधारोपण किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा जिले में हरित आवरण बढ़ाने का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद लखीसराय, मोटरयान निरीक्षक सहित अन्य अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने सामूहिक रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।