लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर, अपर समाहर्ता ने अधिकारियों को दिए निर्देश

  • Post By Admin on May 15 2026
लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर, अपर समाहर्ता ने अधिकारियों को दिए निर्देश

लखीसराय : समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में शुक्रवार को अपर समाहर्ता नीरज कुमार की अध्यक्षता में आंतरिक समिति एवं नीलाम पत्र वाद की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों एवं अंचलों में संचालित कार्यों की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान आंतरिक समिति की समीक्षा करते हुए अपर समाहर्ता ने सभी अंचल अधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित मासिक लक्ष्य के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नियमित समीक्षा और समयबद्ध निष्पादन के माध्यम से ही वार्षिक लक्ष्य की प्राप्ति संभव हो सकेगी। अपर समाहर्ता ने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने, अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

नीलाम पत्र वाद की समीक्षा के दौरान उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि राजस्व वसूली से जुड़े लंबित वादों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा सुनिश्चित किया जाए, ताकि अपेक्षित प्रगति लाई जा सके। बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी मामलों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा अद्यतन स्थिति से जिला प्रशासन को समय-समय पर अवगत कराया जाए।

बैठक में भूमि सुधार उप समाहर्ता राहुल कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी राजीव रंजन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नजारत उप समाहर्ता प्राची कुमारी सहित संबंधित अंचलाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।