नगर परिषद बड़हिया में सशक्त स्थायी समितियों का चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न
- Post By Admin on May 29 2026
लखीसराय : नगर परिषद बड़हिया में सशक्त स्थायी समिति क्रमांक-1, 2 एवं 3 के निर्वाचन की प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुव्यवस्थित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। निर्वाचन निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों का सराहनीय सहयोग रहा।
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान विधि-व्यवस्था का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया गया, जिससे मतदान निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सका। सशक्त स्थायी समिति-1 के लिए अमित कुमार एवं अविनाश कुमार के बीच मतदान कराया गया। वहीं समिति-2 के लिए प्रभा देवी एवं रिंकू देवी तथा समिति-3 के लिए प्रेमचंद सिंह एवं विक्की कुमार के बीच मतदान हुआ। मतदान के बाद विधि मान्य मतों की गणना की गई, जिसके आधार पर समिति-1 के लिए अविनाश कुमार, समिति-2 के लिए रिंकू देवी तथा समिति-3 के लिए विक्की कुमार को निर्वाचित घोषित किया गया।
निर्वाचन परिणाम घोषित होने के बाद उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नव निर्वाचित सदस्यों को बधाई दी। इसके उपरांत निर्वाची पदाधिकारी-सह-अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राहुल कुमार द्वारा निर्वाचित सदस्यों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। साथ ही नव निर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ भी दिलाई गई, ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पारदर्शिता, निष्ठा और जवाबदेही के साथ कर सकें तथा जनहित में प्रभावी भूमिका निभा सकें।
इस अवसर पर अवर निर्वाचन पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी हलसी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी बड़हिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।