माउंट लिटरा ज़ी स्कूल में गूंजा पर्यावरण प्रेम, छात्र के जन्मदिन पर पौधारोपण की प्रेरणादायक शुरुआत

  • Post By Admin on Sep 08 2026
माउंट लिटरा ज़ी स्कूल में गूंजा पर्यावरण प्रेम, छात्र के जन्मदिन पर पौधारोपण की प्रेरणादायक शुरुआत

लखीसराय : जिला के माउंट लिटरा ज़ी स्कूल में पर्यावरण संरक्षण और बच्चों को प्रकृति से जोड़ने के उद्देश्य से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत एक प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कक्षा-1 के मेधावी छात्र अर्श आदिश रंजन की माता अंजू मेहता और पिता रवि रंजन कुमार ने विद्यालय परिसर में सपरिवार पौधारोपण किया। कार्यक्रम में विद्यालय की सेक्रेटरी विजेता स्नेही और चेयरमैन संजीव कुमार स्नेही की विशेष रूप से उपस्थिति रही।

वृक्षारोपण के बाद अर्श के माता-पिता ने एक अनूठी मिसाल पेश करते हुए संकल्प लिया कि वे अपने बेटे अर्श के हर जन्मदिन पर नियमित रूप से एक नया पौधा लगाएंगे और पर्यावरण की रक्षा में अपना योगदान देते रहेंगे। इस सराहनीय कदम का स्वागत करते हुए विद्यालय की सेक्रेटरी विजेता स्नेही ने परिवार को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा लगाए गए पौधे की सम्पूर्ण देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंधन द्वारा निभाई जाएगी। उन्होंने इस पहल को बच्चे और प्रकृति के बीच एक गहरा भावनात्मक रिश्ता कायम करने वाला कदम बताया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के चेयरमैन संजीव कुमार स्नेही ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के रचनात्मक प्रयास कम उम्र में ही बच्चों के भीतर पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की भावना विकसित करते हैं। जब कोई बच्चा अपने जन्मदिन से जुड़े पौधे को अपने सामने फलता-फूलता देखता है, तो उसके मन में प्रकृति के प्रति विशेष अपनापन पैदा होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अभियान विद्यालय के अन्य अभिभावकों और विद्यार्थियों को भी प्रेरित करेगा।

पौधारोपण के इस विशेष अवसर पर मौजूद छात्र-छात्राओं ने तालियां बजाकर इस पहल का स्वागत किया, जिससे पूरे परिसर में उत्साह का माहौल बन गया। विद्यालय प्रबंधन ने अंजू मेहता और रवि रंजन कुमार का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि आज लगाया गया यह छोटा-सा पौधा भविष्य में एक विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण को समृद्ध करेगा और छात्र के बचपन की यादों का जीवंत साक्षी बनेगा।