‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत एलएस कॉलेज में पौधारोपण कार्यक्रम

  • Post By Admin on Sep 02 2026
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत एलएस कॉलेज में पौधारोपण कार्यक्रम

मुजफ्फरपुर : पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति संवर्धन के उद्देश्य से चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 32 बिहार बटालियन एनसीसी और लंगट सिंह कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में कॉलेज परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान कॉलेज परिसर के विभिन्न स्थानों पर 100 से अधिक पौधे लगाए गए।

कॉलेज की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने कहा कि पेड़ मां की तरह जीवनदायी होते हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी वर्तमान पीढ़ी के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रकृति लगातार मानव जीवन के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराती है, ऐसे में परिसर और समाज में अधिक से अधिक पौधारोपण कर हरित भविष्य की दिशा में प्रयास करना जरूरी है। उन्होंने पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने के लिए कॉलेज की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

एनसीसी की ओर से उपलब्ध कराए गए 100 से अधिक पौधों को कॉलेज परिसर के अलग-अलग स्थानों पर रोपित किया गया। कार्यक्रम में एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. राजीव कुमार, एनएसएस समन्वयक डॉ. शशिकांत पांडे, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. नवीन कुमार, हवलदार किरण श्रेष्ठ, सीनियर अंडर ऑफिसर आशुतोष राज, अंडर ऑफिसर सृष्टि सहित शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे।