युवा मतदाताओं की संख्या में दोगुना बढ़ोतरी, महिला मतदाताओं की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि
- Post By Admin on Nov 12 2024

राँची : आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के लिए मतदाताओं की संख्या में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, झारखंड में 18-19 आयु वर्ग के युवा मतदाताओं की संख्या में बीते पांच सालों में दोगुने से अधिक वृद्धि हुई है। वर्ष 2019 में विधानसभा चुनाव के दौरान इस आयु वर्ग में 5 लाख 49 हजार 619 मतदाता थे, जो इस वर्ष बढ़कर 11 लाख 84 हजार 150 तक पहुँच गए हैं। पिछले छह महीनों में ही 18-19 आयु वर्ग के मतदाताओं में 2 लाख 55 हजार 79 की वृद्धि हुई है।
इसके साथ ही, महिला मतदाताओं की संख्या में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जहाँ पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान झारखंड में महिला मतदाताओं की संख्या 1 करोड़ 26 लाख 86 हजार 973 थी। वहीं वर्तमान विधानसभा चुनाव के लिए यह संख्या बढ़कर 1 करोड़ 28 लाख 99 हजार 19 हो गई है।
दूसरी ओर, पुरुष मतदाताओं की संख्या में मामूली कमी आई है। पिछले लोकसभा चुनाव में पुरुष मतदाताओं की संख्या 1 करोड़ 31 लाख 45 हजार 652 थी जो वर्तमान में घटकर 1 करोड़ 31 लाख 44 हजार 236 रह गई है।
विशेष श्रेणियों में, नि:शक्त मतदाताओं की संख्या में हल्की बढ़ोतरी हुई है जो 3 लाख 66 हजार 204 से बढ़कर 3 लाख 67 हजार 625 हो गई है। हालांकि, सर्विस वोटर्स की संख्या में गिरावट देखी गई है जो 4531 से घटकर 4395 रह गई है। वहीं, 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं में 25 हजार की कमी आई है।
झारखंड में मतदाताओं के इस बदले हुए समीकरण को देखते हुए विधानसभा चुनाव में विशेष रूप से युवा और महिला मतदाताओं की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।